शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बुधवार (5 फरवरी) को आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सरकारी शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के घर पर छापा मारा और दस्तावेजों की गहन जांच की। शिक्षक पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है। फिलहाल, EOW के अधिकारी उनके बैंक खातों, संपत्ति और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच में जुटे हैं।
शिकायत के बाद एक्शन में EOW
भिंड निवासी और वर्तमान में भौंती में रह रहे सुरेश सिंह भदौरिया प्राथमिक विद्यालय में वर्ग तीन के शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। उनके खिलाफ भौंती के निवासी शिवम गुप्ता ने EOW में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आय से अधिक संपत्ति का आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर बुधवार सुबह करीब 6 बजे ग्वालियर से आई EOW की टीम ने उनके घर पर दबिश दी।
सुबह-सुबह छापा, परिवार को मिली अचानक खबर
छापेमारी के दौरान जब टीम शिक्षक के घर पहुंची, तो परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। EOW की टीम ने तुरंत दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी और बैंक खातों, संपत्ति के कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित कागजात खंगाले।
EOW की टीम में ये अधिकारी शामिल
इस कार्रवाई में EOW के डीएसपी दामोदर गुप्ता, निरीक्षक जय सिंह यादव और निरीक्षक शैलेन्द्र राजावत के साथ स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।